घनसाली (टिहरी)। शिक्षा भटवाड़ा स्थित प्राइमरी स्कूल के जर्जर भवन की सुध नहीं ले रहा है। स्कूल गांव के पंचायत भवन में संचालित किया जा रहा है और यह पंचायत भवन भी खस्ताहाल स्थिति में है। बारिश होने पर स्कूल की छुट्टी करनी पड़ रही है। छात्र खतरे के बीच पढ़ने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस हाल में कोई भी हादसा होने पर विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
भिलंगना ब्लॉक में नैलचामी पट्टी के भटवाड़ा में 20 साल पहले प्राथमिक स्कूल भवन का निर्माण कराया गया था। भवन की जर्जर हालत को देखते हुए इसे वर्ष 2012 में निष्प्रयोज्य घोषित कर चुका है। खतरे को देखते हुए स्कूल गांव के पंचायत घर में चल रहा है, लेकिन पंचायत भवन भी कतई सुरक्षित नहीं है। गांव के कपिल बडोनी, गोपालदत्त बडोनी और मुनेंद्र बडोनी ने बताया कि शिक्षा विभाग और प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने भवन निर्माण की मांग करते हुए कहा कि जर्जर भवन में किसी छात्र को नुकसान पहुंचता है, तो विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इस संबंध में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद का कहना है कि भिलंगना में दर्जनभर स्कूल भवन क्षतिग्रस्त है, इनकी मरम्मत और नए भवनों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें भटवाडा प्राथमिक विद्यालय भी शामिल हैं।