घनसाली (टिहरी)। जर्जर भवनों में स्कूल संचालित करने पर शुक्रवार को फिर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। कोटी-फैगूल के ग्राम पाली में प्राथमिक स्कूल के छात्र प्रार्थना करने के बाद अंदर प्रवेश करने वाले ही थे कि इससे पहले छत का बिम भरभरा कर गिर गया। संयोग से सभी बच्चे बाहर थे, इसलिए कोई अनहोनी नहीं हुई। खतरे को देखते हुए स्कूल पंचायत भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। बता दें कि तीन दिन पहले ही मंगलवार को कीर्तिनगर ब्लॉक के रानीहाट गांव में प्राथमिक स्कूल का शौचालय ध्वस्त होने से एक बच्ची की मौत हो गई थी और एक बालिका घायल हो गई थी।
भिलंगना ब्लॉक में कोटी-फैगूल पट्टी के ग्राम पाली के प्राथमिक स्कूल में सुबह पौने आठ बजे 36 विद्यार्थी प्रार्थना समाप्त कर कक्षा में प्रवेश करने ही वाले थे कि तब तक कमरे की छत का बिम टूट कर गिर गया। सभी बच्चे बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गांव के प्रधान राकेश लाल ने बताया कि स्कूल भवन तीन-चार साल से जर्जर बना हुआ है। शिक्षा विभाग से लगातार नया भवन बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है जिससे छात्र-छात्राओं को जोखिम उठाकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि खतरे को देखते हुए कक्षाएं पंचायत भवन में संचालित की जा रही है। इस संबंध में डिप्टी बीईओ भुवनेश्वर प्रसाद का कहना है कि पाली ही नहीं कई स्कूल भवन जर्जर हैं, मरम्मत और नव निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी छात्र को चोट नहीं आई है।