भासौं-घंटाकर्ण पंपिंग योजना निर्माण का लंबे समय बाद भी पूरा न होने पर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल निगम को कई बार अवगत कराने पर भी पंपिंग योजना से सभी गांव को पानी मुहैया नहीं करवाया जा रहा है। उन्होंने जल्द निर्माण कार्य पूरा न होने पर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रगतिशील जन विकास संगठन गजा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने डीएम को भेजे ज्ञापन में बताया कि सरकार ने धारअकरिया, कुंजणी, मखलोगी के 36 ग्राम सभाओं के 211 तोकों को पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए वर्ष 2011-12 में भासौं-घंटाकर्ण पंपिंग योजना स्वीकृत हुई थी, लेकिन अभी तक पंपिंग योजना का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया। जन विकास संगठन के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल ने कहा कि पेयजल निगम को कई बार अवगत कराने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।