घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस ने अनधिकृत रूप से आधार और पैन कार्ड बनाने वाले छह युवकों को पकड़ा, जिनसे लैपटॉप, फिंगर प्रिंट मशीन सहित अन्य उपकरण और 21 हजार 250 की नकदी बरामद की गई। उपकरणों को जांच के लिए सूचना तकनीकी विकास एजेंसी देहरादून भेजा जा रहा है।
भिलंगना ब्लॉक के धोपड़धार और ज्यूदाणा गांव में उत्तर प्रदेश बिजनौर के छह युवक 18 जनवरी से आधार कार्ड और पैन कार्ड बनाने का काम कर रहे थे। पैन कार्ड बनाने के एवज में वह ग्रामीणों से दो सौ रुपये और आधार कार्ड में त्रुटि को सही कराने के 50 रुपये वसूल रहे थे। युवकों पर शक होने पर लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
बृहस्पतिवार को थानाध्यक्ष किशन टम्टा और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने युवकों से लाइसेंस और पहचान पत्र मांगा, लेकिन वह जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। उनके पास उत्तर प्रदेश सरकार का एक पत्र था, जिसमें उन्हें आधार कार्ड बनाने के लिए अधिकृत किया गया था।
पुलिस आधार और पैन कार्ड बनाने वाले संदीप कुमार निवासी ग्राम हमीरपुर बिजनौर, हरवीर सिंह, रणवीर सिंह, बलजारा ग्राम मोहजनपुर बिजनौर, नीरज कुमार निवासी मोहसनपुर बिजनौर, अंकित कुमार ग्राम इसेपुर बिजनौर को थाने ले आई। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवकों ने अब तक क्षेत्र में 222 आधार कार्ड और 275 पैन कार्ड बनाए हैं। इनके पास से सभी पत्रावलियां, लैपटॉप और अन्य उपकरण कब्जे में लिए गए हैं। एसडीएम फिंचा सिंह ने बताया कि बरामद उपकरणों को जांच के लिए सूचना तकनीकी विकास एजेंसी देहरादून को भेजा जा रहा है। पूछताछ के बाद छह युवकों को फिलहाल छोड़ दिया गया है। एजेंसी से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।