लंबगांव/नई टिहरी। छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने इंटर कॉलेज थापला ओण के प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया है। बाद में कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
थापला ओण इंटर कॉलेज में अध्ययनरत आठ छात्राओं ने प्रधानाचार्य पर अभद्रता करने और छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। छात्राओं की लिखित शिकायत पर अभिभावकों ने 18 नवंबर को लंबगांव पुलिस को तहरीर सौंपकर प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने स्कूल पहुंचकर आठों छात्राओं के बयान दर्ज किए थे, लेकिन पुलिस को प्रधानाचार्य स्कूल में नहीं मिले। प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित अभिभावकों ने 24 नवंबर को लंबगांव-प्रतापनगर मोटर मार्ग पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी थी। अभिभावकों के चक्का जाम के अल्टीमेटम देने के बाद पुलिस हरकत में आई।
थानाध्यक्ष जेपी कोहली ने बताया कि मंगलवार सुबह प्रधानाचार्य केशव नारायण अवस्थी को लंबगांव बाजार से छात्राओं से छेड़छाड़, अभद्रता करने और पोक्सो अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया आरोपी प्रधानाचार्य को जिला सत्र एवं विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) मीना तिवारी की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।