नई टिहरी (ब्यूरो)। स्कूटी के नंबर से संचालित की जा रही एक टैक्सी को सीज किया गया है। टैक्सी चालक का लाइसेंस निरस्त कर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर ढाईजर के पास चंबा से आ रही एक टैक्सी को रोका गया, लेकिन चालक तेजी से कलेक्ट्रेट की तरफ भाग गया। पीछा करने पर टैक्सी को एसबीआई के पास पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि वाहन के कागजों की जांच की गई, तो टैक्सी में दर्ज नंबर हरिद्वार में पंजीकृत स्कूटी का निकला। उन्होंने कहा कि बगैर पंजीकरण और फिटनेस के वाहन का व्यावसायिक उपयोग करने और क्षमता से अधिक सवारी ले जाने और फर्जी नंबर से वाहन का संचालन करने पर टैक्सी को सीज कर दिया गया है। साथ ही चालक चंबा निवासी देवेंद्र सिंह का लाइसेंस निरस्त कर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा रही है।