नशे के पैसे न देने पर पिता को घायल किया
नशे के आदी बेेटे और उसके 9 साथियों के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
पुलिस थाना श्री हरगोबिंदपुर के आधीन पड़ते गांव खोजकीपुर में नशे के लिए पैसे न देने पर बेटे अपने साथियों के साथ तेजधार हथियारों से पिता को घायल कर दिया। घायल पिता को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घायल के बयान पर थाना श्री हरगोबिंदपुर पुलिस ने एक महिला समेत 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ज्ञान सिंह (47) निवासी खोजकीपुर ने बताया कि उसका बेटा कमलदीप सिंह नशे का आदी है। वह उससे नशा करने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। उसने बेटे को पैसे देने से इंकार कर दिया। इससे गुस्साए बेटे ने अपने करीब 9 साथियों को बुलाकर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई स्वंयबरजीत सिंह ने बताया कि घायल ज्ञान सिंह के बयानों पर उसके बेटे कमलदीप सिंह, उसके साथी सिमरण सिंह, कर्ण सिंह, गेेला, रंगू, साहिब सिंह, हैपी, संतोख सिंह, सुरजीत कौर और लाभ सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।