बाजार से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्य चौराहे पर दो घंटे तक चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लंबगांव बाजार से शराब की दुकान जल्द नहीं हटाई गई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने तहसीलदार को दिए ज्ञापन में दुकान जल्द बाजार से बाहर करने की मांग की।
लंबगांव बाजार से अंग्रेजी शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर ग्राम बौसाड़ी, नौघर, पिपलोगी, जुलांणगांव, क्यारी, पोखरियालगांव, और रौणियां गांव की महिलाएं एक सप्ताह से सड़कों पर हैं। शनिवार को महिलाओं ने नौघर से बाजार तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और दो घंटे तक चक्का जाम किया।
उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन देते हुए कहा कि शराब की दुकान लंबगांव से 20 किमी के भीतर खोली गई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जाम लगाने वालों में महिला मंगल दल की अध्यक्ष केदारी देवी, देवकी रांगड़, उमा बिष्ट, कौशल्या देवी, राजी देवी, गुड्डी देवी, अनीता देवी, सोबनी देवी, अजूद्या देवी, देवेंद्रा देवी आदि शामिल थीं। एबीवीपी के भान सिंह नेगी, त्रिलोक सिंह रांगड़, हुकम सिंह, जगदीश, जमन सिंह, नत्थी सिंह, मुनेंद्र सिंह आदि ने आंदोलन को समर्थन दिया है।