नया भवन बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को मिलेगी पंचकर्मा सेंटर की सुविधा
नई टिहरी। लंबे इंतजार के बाद नरेंद्रनगर ब्लॉक के भैसयारों में आयुर्वेदिक अस्पताल निर्माण की राह आसान हो गई। कार्यदायी संस्था ने आगामी फरवरी से अस्पताल भवन निर्माण शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। नया भवन बनने के बाद अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों और कर्मचारियों को पर्याप्त स्थान मिलेगा और क्षेत्र के लोगों को पंचकर्मा सेंटर की सुविधा भी मिलेगी।
भैसयारों में आयुर्वेदिक अस्पताल की स्वीकृति छह वर्ष पूर्व मिली थी लेकिन भवन के अभाव में अस्पताल को किराये के भवन में संचालित करना पड़ रहा था। वर्तमान में यह अस्पताल दो कमरों में संचालित हो रहा है। जहां चिकित्सकों, कर्मचारियों के लिए बैठने और उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं है। सीमित संसाधनों के कारण मरीजों को भी कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोग लंबे समय से भवन निर्माण की मांग कर रहे थे लेकिन भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण मामला अटका हुआ था। काफी प्रयासों के बाद गत वर्ष स्थानीय लोगों ने अस्पताल भवन निर्माण के लिए अपनी निजी भूमि दान कर समस्या का स्थायी समाधान निकाल दिया। इसके बाद जिला योजना से अस्पताल भवन निर्माण के लिए दो करोड़ 26 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक सौरभ शर्मा ने बताया कि भैसयारों में आयुर्वेदिक अस्पताल भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आगामी फरवरी में विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। लक्ष्य है कि एक वर्ष के भीतर भवन निर्माण कार्य पूर्ण कर अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाए।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र ने बताया कि नए भवन के निर्माण के बाद अस्पताल में पंचकर्मा सेंटर की सुविधा शुरू की जाएगी। इससे भैसयारों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आयुर्वेदिक उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।