चंबा ब्लॉक के बाडियों गांव के लोगों का सड़क निर्माण का सपना साकार नहीं हो पा रहा है। गांव के लोगों को छह किमी की खड़ी चढ़ाई पार कर गांव पहुंचना पड़ रहा है। जल्द सड़क निर्माण न होने पर क्षेत्र के लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
बाडियों ग्राम पंचायत स्वाड़ी का राजस्व गांव है। वर्तमान समय में गांव में 30 परिवार निवासरत हैं। उप प्रधान सुशील सकलानी, गुणानंद सकलानी, अमरदेव सकलानी, ज्ञानदेव सकलानी, प्यारे लाल सकलानी ने बताया कि बाडियों को सड़क से जोड़ने के लिए पूर्ववर्ती सरकार में स्वीकृति मिली थी, लेकिन वन भूमि समेत अनेक कारणों से गांव के लिए सड़क नहीं बन पाई। बीते सप्ताह चंबा क्षेत्र की सड़कों को लेकर विधायक किशोर उपाध्याय ने समीक्षा बैठक की थी। बैठक में गांव के लोगों ने सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इस बाबत लोनिवि चंबा के एई कपिल कुमार ने बताया कि बाडियों गांव तक सड़क निर्माण का सर्वे कर लिया गया है। प्रस्ताव तैयार कर जल्द ही शासन को प्रेषित किया जाएगा।