नई टिहरी। टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को मेडिकल कॉलेज को लेकर चल रही प्रक्रिया के बारे में कुछ पता नहीं है। इसकी प्रक्रिया लंबी होती है। पहले अस्पताल का निर्माण किया जाना है, उसके बाद ही मेडिकल कॉलेज बनेगा। कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में जल्द ही इणियां में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास होगा।
रविवार को टिहरी विधायक ने भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस के लोगों ने भाजपा, सीएम धामी और टिहरी विधायक पर मेडिकल कॉलेज के नाम पर जो आरोप लगाए हैं, वह गंभीर है। उन्होंने कहा कि पूर्व में सीएम ने टिहरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की घोषणा की थी।
सीएम ने जब उनसे 10 बड़े कामों की सूची मांगी थी, तो उनकी प्राथमिकता में टिहरी मेडिकल कॉलेज सबसे ऊपर रखा गया था। कहा कि गत 25 जुलाई को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर टिहरी बांध भ्रमण पर आए थे, तब उन्होंने टीएचडीसी के सीएमडी आरके विश्नोई को मेडिकल कॉलेज और उसकी अन्य शाखाओं के निर्माण के लिए वित्तीय समाधान करने के निर्देश दिए थे।
उसके बाद मेडिकल कॉलेज से संबंधित पत्र सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य ने आगे की कार्रवाई के लिए सीएम को प्रेषित कर दिया था। कहा कि सीएम धामी जल्द टिहरी में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया गतिमान है। जिला अस्पताल बौराड़ी को 200 बेड का ट्रॉमा सेंटर बनाने की कार्रवाई चल रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल ने कहा कि टीएचडीसी अपने खर्चे से मेडिकल कॉलेज बनाएगी। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री उदय रावत, गोपीराम चमोली, जयेंद्र पंवार, विजय कठैत, हीरा नेगी, दीपक चमोली, शीशराम थपलियाल, असगर अली आदि मौजूद थे।