प्लास्टिक रोकथाम के लिए वितरित किए जाएंगे इको बैग
नई टिहरी। जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने को लेकर डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जिसमें जिला पर्यटन विभाग की ओर से इको बैग तैयार किए गए हैं जिन्हें नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत के माध्यम से होटल व होमस्टे में वितरित किया जाएगा। होटल संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे पर्यटकों को प्लास्टिक कैरी बैग न दें और इको बैग वापस लौटाने के लिए प्रेरित करें। जिससे प्लास्टिक उपयोग में कमी लाई जा सके।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जिले में ग्रीन रेटिंग प्रणाली शुरू कर दी गई है। इसके तहत प्रत्येक होटलों और होमस्टे में स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और पर्यावरणीय मानकों का मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही होटल रिसेप्शन पर प्लास्टिक के बेहतर विकल्प और स्वच्छता संबंधी पोस्टर लगाना अनिवार्य होगा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और होटल संचालकों ने सुझाव दिया कि यात्री वाहनों के चालक भी यात्रियों को वाहन में कूड़ा एकत्र करने के लिए प्रेरित करें। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, डीडीओ मो. असलम, डीटीडीओ एसएस राणा, एएमए जिला पंचायत भागवत पाटनी आदि मौजूद रहे।