नई टिहरी। नागरिक मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मेडिकल कॉलेज के लिए चल रहे आंदोलन को समर्थन देने का निर्णय लिया है। दूसरी ओर, जिला बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिला मुख्यालय क्षेत्र में करवाएं जाने की मांग उठाई है।
बौराड़ी सामुदायिक मिलन केंद्र में नागरिक मंच की बैठक अध्यक्ष सुंदरलाल उनियाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। अध्यक्ष उनियाल ने कहा कि नागरिक मंच के रविवार को होने वाले दो वर्षीय चुनाव को मेडिकल कॉलेज के आंदोलन को देखते हुए सभी की सहमति के बाद स्थगित किया है। बताया सितंबर में मंच के चुनाव संपन्न करवाए जाएंगे। कहा कि मंच के लोग वर्ष 2008 से शहर में मेडिकल कॉलेज, रीह-घुतू पेयजल योजना का निर्माण, शहर के विकास के लिए हनुमंत राव कमेटी की सिफारिशों को लागू करने की मांग कर रहे हैं लेकिन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ाता जा रहा है। कहा कि मंच से जुडे़ लोग मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए चलाए जा रहे आंदोलन को एकजुटता से पूर्ण समर्थन देंगे। बैठक में एकता मंच के संयोजक अनूप बिष्ट ने प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्र को पांचवीं और छठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने से पहाड़ी क्षेत्रों को मिलने वाले फायदों के बारे में बताया। इस मौके पर सीपी डबराल, जगजीत सिंह नेगी, कमल सिंह महर, डॉ़ राकेश भूषण गोदियाल, देवेंद्र नौटियाल, प्रीति चौहान, किशोरी लाल चमोली, सीएस चौहान, हरिप्रसाद विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। इधर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयबीर रावत, सचिव चंद्रभान राणा ने सीएम को ज्ञापन भेजकर जिला मुख्यालय या आसपास के क्षेत्र में ही मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग की है।