नई टिहरी। स्थानीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा कार्यालय में राजपुर विधायक खजान दास, जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल और पार्टी प्रत्याशी मस्ता सिंह नेगी ने पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार बनने से नगरों का सर्वांगीण विकास होगा। संकल्पपत्र में नई टिहरी को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने, कृत्रिम झील, रोपवे सेवा, पुरानी टिहरी की प्रतिकृति, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की बात कही गई है।
पत्रकार वार्ता में विधायक खजानदास ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए भाजपा मजबूती के साथ निकाय चुनाव लड़ रही है। कहा कि टिहरी विस्थापितों को भूमि का मालिकाना हक दिलाने, पेयजल बिल जैसी ज्वलंत समस्याओं का समाधान सरकार प्राथमिकता से करेगी। भाजपा के संकल्प पत्र में संग्रहालय निर्माण, आंतरिक सड़कों की मरम्मत, बस अड्डे का निर्माण, आवारा जानवरों से मुक्ति, योगा और आध्यात्मिक पार्क, फुटपाथ निर्माण, कूड़ा निस्तारण, साफ-सफाई और पुरानी टिहरी के ऐतिहासिक गांवों और मंदिरों के पुनर्निर्माण जैसे प्रावधान शामिल किए गए है।
खंडखाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम निर्माण करना और पुनर्वास स्थलों पर भूमिधरी अधिकार देने की योजनाएं प्रस्तावित हैं। कहा कि संकल्प पत्र में किए गए सभी वादे प्राथमिकता के साथ पूरे किए जाएंगे। इस मौके पर पार्टी के चुनाव संयोजक डीडी बेलवाल, शीशराम थपलियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, दिनेश डोभाल, डॉ. प्रमोद उनियाल, सोहन लाल खंडेवाल, असगर अली आदि मौजूद रहे।