नई टिहरी। धारमंडल पट्टी के तुनियार कोटचौंरी में स्थित प्राचीन गल्लेश्वर महादेव मंदिर को नया स्वरूप प्रदान करते हुए तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिवलिंग और शिव परिवार की नई मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। मंदिर के जीर्णोद्धार और नवनिर्माण का कार्य क्षेत्र के लोगों की सामूहिक पहल से हुआ।
बुधवार को प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने मंदिर का लोकार्पण किया। पंडित द्वारिका प्रसाद भद्री और अन्य पंडितों ने विधि-विधान के साथ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई। नई मूर्तियों को गंगाजल और पंचगव्य से स्नान कराया गया। अनुष्ठान के दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। हवन और आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष मान सिंह रौतेला, सचिव आनंद सिंह मंद्रवाल, किशोर सिंह मंद्रवाल, जय सिंह रावत, देवेंद्र सेमवाल, इंद्रमणि जोशी, विजय रावत, पूरण सिंह रौतेला, सुरेंद्र सेमवाल, लोकमणि पैन्यूली सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। संवाद