बीडीसी बैठक में बोर्ड परीक्षा के दौरान नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर की क्षेत्र पंचायत बैठक में शिक्षा विभाग पर चर्चा के दौरान कोई सक्षम अधिकारी मौजूद नहीं रहने पर सदस्यों ने कड़ा रोष जताया है। उन्होंने प्रतापनगर ब्लाॅक में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए विभाग के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है।
ब्लाॅक प्रमुख प्रदीप चंद रमोला की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक शुरू की गई। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी जनप्रतिनिधियों की ओर से सदन में उठाई गई समस्याओं का समय रहते निस्तारण कर उन्हें अवगत कराएं। उसके बाद शिक्षा विभाग पर हुई चर्चा के दौरान सदस्यों ने कहा कि प्राथमिक स्कूलों में कहीं भी मानकों के अनुरूप शिक्षक नहीं है।
बैठक में विभाग का कोई सक्षम अधिकारी मौजूद नहीं होने पर सदस्यों ने रोष जताते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया। प्रधान राहुल राणा ने मुंगराली से कंगसाली मोटर मार्ग का अवशेष कार्य पूरा कर डामरीकरण करने की मांग की। प्रधान वीरेंद्र रांगड़ ने पिलानीधार-जाखणी मोटर मार्ग बनाने से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत करने की मांग की।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पुरुषोत्तम पंवार ने धनगांव से मिश्रवाण गांव के लिए स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने, प्रधान नत्थी सिंह राणा ने सेरा-मौहल्या मोटर मार्ग पर पैराफिट लगाने, प्रधान चंद्रशेखर पैन्यूली ने सीएचसी चौंड में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने और बोर्ड परीक्षा के दौरान नियमित विद्युत आपूर्ति करने, प्रधान वीरेंद्र रांगड़ ने क्यारी गांव में झूल रही विद्युत तार बदलने, गोविंद रावत ने मंजखेत और खलडग़ांव में अलग-अलग विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख कामना सेमवाल, कनिष्ठ प्रमुख संगीता नेगी, परियोजना निदेशक विवेक तिवारी, बीडीओ साकिर हुसैन, सदस्य धीरेंद्र महर, हरि प्रसाद डिमरी, आरती कलूड़ा, धीरज नेगी, दिनेश नेगी, तहसीलदार चंद्रमोहन पांडेय, डिप्टी सीएमओ डाॅ. एलडी सेमवाल और रेंजर हर्षराम उनियाल आदि मौजूद थे।