कंडीसौड़ के ज्वाराना-कंस्यूड मार्ग पर सिंवाली पातल के पास सड़क पर पल्टी बस।
- फोटो : NEW TEHRI
शुक्रवार सुबह यहां ज्वारना-कंस्यूड़ मोटर मार्ग पर एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। वहां से जो बस लोगों को कंडीसौड़ सीएम के कार्यक्रम में लेकर जाने वाली थी, वह सिंवाली पातल के देवीधार में सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि उस समय बस में चालक के अलावा कोई सवार नहीं था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे मिट्टी का ढेर होने के कारण ही बस पलटी है। पीएमजीएसवाई से लगातार मिट्टी हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है।
शुक्रवार को कंडीसौड़ और कमांद में आयोजित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में जाने वाले लोगों के लिए ज्वारना से बस लगाई गई थी। ज्वारना से बस सुबह करीब नौ बजे कंडीसौड़ के लिए निकली, लेकिन सिंवाली पातल में देवीधार के पास सड़क पर काफी मलबा देखकर चालक ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में सवार 6-7 लोगों को नीचे उतार दिया। वह खाली बस को लेकर आगे बढ़े लेकिन सड़क के ऊपरी साइट में काफी मिट्टी होने के कारण बस सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में बस चालक पूर्णानंद निवासी किलवाण गांव सत्यों को तो कोई चोट नहीं आई, लेकिन बस को काफी नुकसान हुआ है।
कंस्यूड़ के प्रधान मनोहर लाल उनियाल और सिंवाली पातल के गोविंद सिंह पंवार ने बताया कि सड़क पर छह माह से मलबा पड़ा हुआ है। पीएमजीएसवाई से लगातार मलबा हटाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बस पलटने की सूचना देने के लिए जब विभाग के अधिशासी अभियंता को फोन किया गया, तो उन्होंने समस्या सुनने के बजाए अपना मोबाइल फोन बंद ही कर दिया। इस बाबत पीएमजीएसवाई खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता आरपी पंत का कहना है कि बस स्ट्राट नहीं होने पर चालक धक्का मरवा रहा था। इसी दौरान बस पलट गई। एआरटीओ एनके ओझा ने कहा कि उन्होंने दो बार सड़क का निरीक्षण कर विभाग को मानकों के अनुरूप सड़क बनाने को कहा है, लेकिन सड़क का डामरीकरण करने के बाद भी अभी तक विभाग का कोई जवाब नहीं आया है।