नई टिहरी। डोबरा-चांठी में बुधवार से 15 दिवसीय कौथिग शुरू हो गया। बच्चाें को खेलने और मनोरंजन के लिए मेला स्थल पर झूले लगाए गए हैं। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी और सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने मेले का शुभारंभ किया।
लोगों की पहल पर पहली बार डोबरा-चांठी में कौथिग का आयोजन किया जा रहा है, जो 18 दिसंबर तक चलेगा। मेले के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य अतिथि विधायक नेगी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के मेले का आयोजन होने से ग्रामीणों को खरीदारी में सहूलियत होती है।
पर्यटन की दृष्टि से डोबरा-चांठी बहुत महत्वपूर्ण है। डोबरा-चांठी में देश का सबसे लंबा सस्पेंशन ब्रिज लंबे संघर्ष के बाद बना है, जिसे देखने को दूर-दूर से पर्यटक पहुंचते हैं। डोबरा-चांठी में शीघ्र ही बोटिंग प्वाइंट बनाया जाएगा, जिससे यहां पर पर्यटकों की संख्या में और अधिक इजाफा होगा। इस मौके पर पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, तहसीलदार शाहदाब हसन, निवर्तमान प्रधान समर सिंह राणा, मनोज भंडारी, अमजद खान, सत्य राणा, अजय लाल, नरेंद्र रावत, राजेंद्र जुयाल, विक्रम राणा आदि मौजूद रहे।