नई टिहरी। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े लोग बुधवार को दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। मांग के समर्थन में आज बृहस्पतिवार को समिति ने नई टिहरी बाजार में जनजागरण रैली के तहत कनस्तर बजाओ रैली निकालने का निर्णय लिया है। 15 सितंबर से जिले में जनप्रतिनिधियों का घेराव करने का भी एलान किया है।
मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर बौराड़ी गणेश चौक में संयुक्त संघर्ष समिति बीते 16 अगस्त से प्रतिदिन धरना कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। बीते मंगलवार से समिति ने मांग के समर्थन में क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया है। दूसरे दिन रमेश रतूड़ी, विजय सिंह नेगी और राकेश सिंह गुसाईं क्रमिक अनशन पर बैठे रहे।
आंदोलनरत लोगों ने जिला अस्पताल बौराड़ी को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने की मांग की। कहा कि बेस अस्पताल के रूप में जिला अस्पताल को विकसित करने पर सरकार को भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त धनराशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी। यदि जल्द मेडिकल कॉलेज बनाने का शासनादेश जारी नहीं किया गया तो 15 सितंबर से आंदोलन को धार देने के लिए जिले में आने वाले जनप्रतिनिधियों का घेराव किया जाएगा।
कार्यालयों में तालाबंदी भी की जाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जीतराम भट्ट और अनुसूया प्रसाद नौटियाल सत्याग्रह पर बैठे रहे। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, महामंत्री संदीप रावत, सुंदर सिंह, जयेंद्र सिंह, रघुनाथ सिंह, सुनील पंवार, नरेंद्र पंवार, गब्बर सिंह, कृष्ण चंद, दीवार सिंह आदि मौजूद रहे।