थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक के पुजाल्डी गांव में भगवान श्री कोणेश्वर महादेव का द्विवार्षिक हरियाली एवं कालरात्रि महायज्ञ धूमधाम से आयोजित किया गया। श्री कोणेश्वर महादेव की डोली के तेवा गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस दौरान फूल-अक्षत चढ़ाने के साथ रांसो-तांदी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
सोमवार रात गांव में कालरात्रि का आयोजन हुआ। इस दौरान देवता का पश्वा अवतरित हुआ। श्रद्धालुओं ने देवता के पश्वा से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। रातभर गांव में भजन-कीर्तन चलता रहा। तांदी और पांडव नृत्य आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे। मंगलवार को पंचायती चौक में ग्रामीणों ने दूध, धूप, दीप, फूल-अक्षत और घर में बनाए पारंपरिक व्यंजनों से कोणेश्वर महाराज की डोली की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोला सिंह परमार, गौरव तिवारी, पूर्व प्रधान लाखी सिंह परमार, भगत सिंह रावत, विक्रम सिंह परमार, सुंदर सिंह परमार मौजूद थे। संवाद