प्रधानों ने प्रतापनगर बीडीओ कार्यालय पर तालाबंदी कर क्षेत्र पंचायत बैठक का बहिष्कार किया, जिससे बैठक स्थगित हो गई। इससे पूर्व दो बार बैठक नहीं हो पाई। ग्राम प्रधानों ने अधिकारी-कर्मचारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
प्रधानों ने प्रतापनगर में नियमित बीडीओ की तैनाती मनरेगा, समान कार्य और ग्राम पंचायतों में रोस्टर के अनुसार बैठक आहूत करने की मांग को पूर्व 28 नवंबर को तालाबंदी करने की चेतावनी दी थी। सोमवार को बैठक शुरू होने से पूर्व ही प्रधानों ने बीडीओ कार्यालय में तालाबंदी कर बीडीसी बैठक का बहिष्कार किया। '
उन्होंने कहा यदि सीडीओ प्रधानों को आश्वस्त नही करेंगे, तो ब्लाक मुख्यालय में बेमियादी तालाबंदी की जाएगी। प्रधानों ने कहा कि लंबे समय से समस्याओं के निराकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई ने ब्लाक कार्यालय में धरने पर बैठे संगठन के अध्यक्ष रणवीर राणा से मोबाइल से वार्ता कर एक सप्ताह में मांगों के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रधानों ने धरना स्थगित किया।
ब्लाक प्रमुख रेशमा बगियाल ने कहा कि धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी किसी समस्या का हल नहीं है। वार्ता से ही हल संभव है। इस मौके पर पदम लाल, राकेश थलवाल, लक्ष्मण कलूड़ा, बेताल बिष्ट, शूरवीर बिष्ट, सरिता रमोला आदि मौजूद थे।