सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत ने भिलंगना ब्लाक की बहुद्देशीय साधन सहकारी समिति गोदाधार (अखोड़ी) में खाताधारकों के बैंक खातों में गड़बड़ी के मामले में उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया है। कहा जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही खाता धारकों को विश्वास दिलाया कि उनकी धनराशि सुरक्षित रहेगी।
बहुद्देशीय साधन सहकारी समिति गोदाधार के खाता धारकों ने उनके बैंक खातों में गड़बड़ी की आशंका के चलते बीते दिन मैगाधार समिति के लेेखाकार विक्रम भंडारी और लिपिक अनूप सुरीरा को समिति के कार्यालय के भीतर की साढ़े पांच घंटे तक बंद करके रखा। बाद में समिति के सचिव मनोहर लाल डंगवाल के आश्वासन पर बंधक कर्मियों को छोड़ा दिया था।
बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, अखोड़ी के जिला पंचायत सदस्य रघुवीर सजवाण ने सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत से मुलाकात कर उन्हें प्रकरण से अवगत कराया। बताया कि समिति में काश्तकारों के अलावा जीआईसी अखोड़ी, विभिन्न मंदिर समितियों, महिला एवं युवक मंगल दलों के खाते हैं, जिनमें 75 लाख से अधिक की धनराशि जमा है। तत्कालीन बैंक आंकिक के निधन के बाद खाताधारकों को लेन देन सहित खातों में गड़बड़ी की आशंका बनी हुई है। सहकारिता मंत्री डा. रावत ने उन्हें गड़बड़ी की उचित जांच कराने का आश्वासन दिया। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।