जाखणीधार ब्लाक के नवाकोट, रतोली, खांदी समेत एक दर्जन गांव में एक सप्ताह से पेयजल का संकट बना हुआ है। बारिश की वजह से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से दिक्कत हो रही है।
बारिश और बर्फबारी के कारण नवाकोट, जाखणीधार, रतोली, कुम्हारधार, खांदी, कोट, छेटी, परसारी आदि गांव को जोड़ने वाली पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण पेयजल संकट गहराने लगा है। एक सप्ताह से गांवों में पानी नहीं होने से लोग पानी को तरस रहे हैं। पूर्व ब्लाक प्रमुख जगदंबा रतूड़ी, क्षेत्र पंचायत सदस्य बाल कृष्ण रतूड़ी ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि गांवों को जोड़ने वाली मुख्य पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीण पीने के पानी के लिए जूझ रहे हैं। बताया कि जल संस्थान देवप्रयाग को अवगत कराने पर भी पेयजल लाइन की मरम्मत नहीं हो पाई है, जिससे ग्रामीणों में रोष है। इस संबंध में जल संस्थान के ईई राजीव सैनी ने बताया कि पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से दिक्कत आ रही है।