शादी-विवाह, चूड़ाकर्म संस्कार और जन्म दिन के सार्वजनिक समारोह में मेहमानों को शराब नहीं परोसने की मुहिम में ग्राम पालकोट का नाम भी जुड़ गया है। पालकोट के लोगों ने बैठक कर सार्वजनिक समारोह में शराब नहीं पीने और न पिलाने का संकल्प लिया। नियमों का पालन नहीं करने पर एक हजार रुपये अर्थदंड वसूलने का निर्णय लिया गया है।
सोमवार को ग्राम पालकोट में आयोजित बैठक में गांव के लोगों ने युवाओं में नशाखोरी की बढ़ती लत पर चिंता जताई। कहा धार्मिक आयोजनों में शराब परोसने से झगड़े बढ़ रहे हैं। बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि अब पालकोट ग्राम में किसी भी शादी-विवाह, चूड़ाकर्म संस्कार, जन्म दिवस और धार्मिक आयोजनों में शराब नहीं परोसी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति या परिवार नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसे एक हजार रुपये अर्थदंड वसूला जाएगा। धार्मिक आयोजनों में शराब पीकर उत्पात और गाली-गलौच करने वाले से 500 रुपये अर्थदंड लिया जाएगा। आर्थिक दंड नहीं देने पर उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में वीर सिंह सजवाण, राजेंद्र सिंह सजवाण, होशियार सिंह सजवाण, धर्म सिंह सजवाण, मामराज सिंह, परमवीर सिंह, हेमवंती देवी, डूग्गा देवी, विद्या दत्त बड़ोनी, चतर सिंह, गुलाब सिंह, कुंवर सिंह, देवेंद्र दत्त, सूरत सिंह, आशा देवी, गीता देवी, प्रेमी देवी, खजानी देवी, मर्णा राम आदि उपस्थित थे।