हिमालय बचाओ आंदोलन के समीर रतूड़ी का टिहरी जिला जेल में रविवार को सातवें दिन भी अनशन जारी रहा। उनके वजन में एक किलो की गिरावट दर्ज की गई।
एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी की देखरेख में जिला अस्पताल के डाक्टर अमित राय ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। एसडीएम तिवारी ने बताया कि रतूड़ी का स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक है। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत डाक्टर ने प्रशासन को उनके वजन में एक किलो की गिरावट होने की रिपोर्ट दी है। रतूड़ी मलेथा आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, हनुमंत राव कमेटी की संस्तुति पर टिहरी और श्रीनगर बांध प्रभावितों को निशुल्क बिजली देने, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार हल चलाने वाले किसानों को मानदेय देने और भांग की खेती का शासनादेश रद्द करने की मांग को लेकर 22 फरवरी से जेल में अनशन पर बैठे हुए हैं। छह जून को मलेथा आंदोलन के दौरान उन पर शांति भंग, एनएच जाम करने और यात्रियों के साथ अभद्रता करने का आरोप है। न्यायालय से जमानत नहीं लेने पर उन्हें 19 फरवरी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।