नई टिहरी। टिहरी जिले के राजकीय इंटर कॉलेज गजा, पौड़ीखाल, जाखणीधार और कंडियाल गांव में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। उक्त इंटर कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब प्रयोगात्मक कार्य करने के लिए जगह की कमी से नहीं जूझना पडे़गा। प्रदेश सरकार की ओर से इन कॉलेजों में प्रयोगशाला भवन निर्माण के लिए हरी झंडी दे दी है। 18-18 लाख की लागत से प्रत्ये कॉलेज में प्रयोगशाला भवन का निर्माण किया जाएगा।
राजकीय इंटर कॉलेज गजा, पौड़ीखाल, जाखणीधार और कंडियाल गांव में प्रयोगशाला भवन का अभाव बना हुआ है। छात्र-छात्राओं को प्रयोगात्मक कार्य अब तक छोटे-छोटे कक्षा-कक्षो में करना पड़ता था। कक्षा-कक्ष में पढ़ाई के बाद छात्रों को प्रयोगात्मक कार्य करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। अभिभावकों की ओर से लंबे समय से उक्त इंटर कॉलेजों में प्रयोगशाला निर्माण करने की मांग विभिन्न मंचों के माध्यम से उठाई जा रही थी।
छात्र-छात्राओं की परेशानी को देखते हुए प्रदेश सरकार की ओर से अब गजा, पौड़ीखाल, जाखणीधार इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान तथा कंडियाल गांव इंटर कॉलेज में रसायन विज्ञान के साथ जीव विज्ञान प्रयोगशाला निर्माण की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम चंबा को सौंपी गई है।
पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक सौरभ कुमार शर्मा ने बताया कि इंटर कॉलेजों में स्वीकृत नए प्रयोगशाला भवन निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आगामी नवंबर माह से स्कूलों में प्रयोगशालाओं का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।