कूड़ाघर के लिए शहर से बाहर भूमि आवंटन करने, नगरक्षेत्र की समस्त भूमि पालिका को हस्तांतरित करने समेत पांच सूत्रीय मांग को लेकर सभासदों एवं नगरवासियों का बेमियादी धरना और आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। जबकि मोलधार में मोहन सिंह रावत सातवें दिन भी अनशन पर रहे। दोनों स्थानों पर वार्ता को पहुंचे प्रशासन की टीम को अनशनकारियों ने बैंरग लौटा दिया।
बृहस्पतिवार को भी केंद्रीय विद्यालय के निकट सांईं मंदिर में नगर पालिका सभासद मानवेंद्र रावत और अनुज उनियाल का आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि वर्षों से शहर से बाहर कूड़ाघर, मृत पशुओं, मलबा आदि के डंपिंग जोन के लिए भूमि आवंटित करने और नगरक्षेत्र की भूमि पालिका को हस्तांतरित करने की मांग की जा रही है।
तहसीलदार सतीश कुमार, पालिका के ईओ संजय कुमार ने अनशनकारियों से वार्ता कर अनशन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन आंदोलनकारी समस्या का समाधान होने पर ही अनशन तोड़ने पर अडे रहे, जिससे वार्ता विफल रही। इस मौके पर भाजपा नेता धन सिंह नेगी, जीतराम भट्ट, रामलाल नौटियाल, चिरंजीव तिवाड़ी, विक्रम कठैत, रविंद्र सेमवाल, गिरीश घिल्डियाल, मायाराम थपलियाल, प्रकाश डोभाल, कुसुम चौहान, शकुंतला नेगी आदि मौजूद थे।
दूसरी ओर, मोलधार से कूड़ाघर शिफ्ट करने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने एडीएम जगदीश लाल के लिखित आश्वासन पर अनशन समाप्त कर दिया है। अनशन समाप्त करने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मौके पर सीपी डबराल, राजेंद्र डोभाल, प्रकाश राणा, दौलत रावत, बसंती नेगी, सुशीला डबराल, सावित्री देवी, सुलोचना देवी, बसंती चमोली, निशा आदि मौजूद थे।