टिहरी के जसपुर गांव की अंशू खंडूड़ी सेना के मिलिट्री नर्सिंग कोर में बनी लेफ्टिनेंट।
- फोटो : NEW TEHRI
थौलधार ब्लाक के जसपुर गांव की अंशु खंडूड़ी भारतीय सेना के मिलिट्री नर्सिंग कोर में लेफ्टिनेंट बनी हैं। बृहस्पतिवार शाम को दिल्ली में हुई पासिंग आउट परेड में उन्हें भारतीय सेना में शामिल किया गया। बेटी की सफलता पर परिवार और गांव के लोगों ने खुशी जताई।
थौलधार ब्लाक के जसपुर गांव निवासी आईटीबीपी में सब इंस्पेक्टर पद पर तैनात कामेश्वर प्रसाद खंडूड़ी और गृहणी लक्ष्मी देवी की पुत्री अंशु खंडूड़ी भारतीय सेना के मिलिट्री नर्सिंग कोर में लेफ्टिनेंट बनी हैं। अंशु की प्राथमिक से माध्यमिक तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी सीमाद्वार देहरादून में हुई है। उन्होंने 2016 में डीएवी पीजी कालेज से बीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की। अंशु को बचपन से ही सेना में जाने शौक था। बृहस्पतिवार को दिल्ली में हुई पीओपी के बाद उनका यह सपना पूरा हो गया। अंशु के दादा-दादी घनानंद खंडूड़ी और अनुसूया देवी गांव में रहते हैं। उनके चचेरे भाई विजय खंडूड़ी ने बताया कि अंशु का एक भाई और एक बहन हैं। बृहस्पतिवार को उसकी बड़ी बहन उवर्शी की मेहंदी रस्म के मौके पर अंशु के लेफ्टिनेंट बनने की खबर से परिवार में शादी का उत्साह दोगुना हो गया है। हालांकि घर में शादी होने के कारण उसके माता-पिता पीओपी में शामिल नहीं हो पाए। अंशु की इस कामयाबी पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, विधायक प्रीतम पंवार और ब्लाक प्रमुख प्रभा देवी आदि ने खुशी जताई है।