साइट पर पहुंचे ईई ने कहा, सुबह 10 से 12 बजे तक करें डामरीकरण
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लाॅक में थत्यूड़-ककडू मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य में घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने लोनिवि की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए डामरीकरण की जांच कराने की मांग की है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीश कुमार ने कहा कि लोनिवि इन दिनों थत्यूड़-ककडू मोटर मार्ग पर सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य कर रहा है लेकिन इसमें गुणवत्ता का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय मिली भगत से सड़क सुधारीकरण-डामरीकरण में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। पेंटिंग की गुणवत्ता खराब होने से कई जगहों पर डामर उखड़ रहा है।
शिकायत पर अधिशासी अभियंता आदर्श गोपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क सुधारीकरण-डामरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए कहा कि डामरीकरण करने के लिए तापमान अनुकूल होने पर ही पेंटिंग करने को कहा। उन्होंने मौके पर मौजूद अवर अभियंता और ठेकेदार को डामरीकरण कार्य गुणवत्ता के साथ सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक ही करने के निर्देश दिए।