नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट के अभिभावक शिक्षक संघ (पीटीए) अध्यक्ष प्रदीप भट्ट ने टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेजकर स्कूल में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तृतीय चरण के तहत चयनित विषय को बदलने की मांग उठाई है।
पीटीए अध्यक्ष भट्ट ने विधायक और सीईओ से छात्रहित में विषय परिवर्तन की मांग की है। बताया कि स्कूल के निकट टिहरी बांध की झील होने से उसमें टूरिज्म से संबंधित अनेक व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती हैं। छात्र-छात्राओं को विद्यालय में प्रोफेशनल विषय के तहत टूरिज्म संबंधित जानकारी दी जाती है तो भविष्य में छात्रों के लिए यह स्वरोजगार और रोजगार में सहायक सिद्ध होगा। विधायक उपाध्याय ने प्रकरण में सीईओ काे उचित कार्रवाई को कहा है। इस बाबत मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बडवाल का कहना कि शिक्षा सत्र आधा बीत चुका है। बावजूद इसके अभिभावक यदि विद्यालय को आवंटित व्यावसायिक पाठ्यक्रम विषय को परिवर्तन करवाना चाहते हैं तो वह प्रस्ताव तत्काल उन्हें उपलब्ध करवाएं।