सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और जिला प्रशासन की लापरवाही ऑल वेदर परियोजना प्रभावित दुकानदारों और भवन स्वामियों पर भारी पड़ रही है। आठ माह से प्रभावित दुकानदारों और भवन स्वामियों को मुआवजा नहीं मिला है। 15 दिन में भुगतान नहीं मिलने पर प्रभावितों ने परिवार सहित भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है।
ऑल वेदर परियोजना के तहत ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। कंडीसौड़ (छाम) में सड़क चौड़ीकरण की जद में 59 किमी से लेकर 132 तक कई दुकान और मकान आए थे। सड़क किनारे सरकारी भूमि पर बने दुकानों और आवासीय भवनों का जिला प्रशासन और बीआरओ ने बीते फरवरी में अधिग्रहण किया था। अधिग्रहण होने पर मार्च में दुकानदारों और भवन स्वामियों को अपना घर खाली करना पड़ा था।
सक्षम प्राधिकारी भूमि अध्यापित/ एडीएम की ओर से 30 जून को बीआरओ के कमान अधिकारी को पत्र भेजकर प्रभावित भवन स्वामियों का एक करोड़ 19 लाख 66 हजार का प्रतिकर भुगतान जमा करने को कहा गया था। तब से चार माह का समय बीत चुका है, लेकिन बीआरओ ने प्रभावित भवन स्वामियों का प्रतिकर भुगतान जमा नहीं किया। परियोजना प्रभावित भवन स्वामी अतोल सिंह गुसाईं, सुमन सिंह, उम्मेद सिंह, रमेश दत्त, प्रेम सिंह, सचपाल सिंह, भरत सिंह ने बताया कि मुआवजे के लिए कई बार तहसील और कलक्ट्रेट के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी है।