नई टिहरी। ऋषिकेश-गंगोत्री मार्ग पर बनी ऑल वेदर रोड की सुरंग के कारण प्रभावित हुए परिवारों को दो साल बाद भी मुआवजा नहीं मिल पाया है। ऐसे 29 से अधिक परिवार जीर्णशीर्ण हो चुके घरों में रहने को मजबूर हैं।
मंज्यूड़ से डोभालगांव तक बनी सुरंग के कारण 30 से अधिक परिवार प्रभावित हुए थे। चंबा बाजार के पास ऋषिकेश रोड पर बना सोबन सिंह नेगी की दुकान और तीन मंजिला भवन दो साल पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रशासन ने दिसंबर 2020 में सोबन सिंह को किराए के भवन में शिफ्ट करा दिया था। वहीं, 29 परिवारों के घरों में दरारें पड़ गईं थी। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के लिए 20 करोड़ 37 लाख 87 हजार का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। लंबे समय बाद भी प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिल पाई है। मंज्यूड की प्रधान कुसुम नेगी ने बताया कि कई लोगों को भूमि का मुआवजा भी नहीं मिल पाया है। वे लगातार शासन-प्रशासन के चक्कर लगा रहे हैं।