विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा के समापन पर भिलंगना पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां सरकार समाज कल्याण विभाग के माध्यम से सात लाख से अधिक गरीब, अनुसूचित जाति, वृद्ध, विधवा और विकलांग को पेंशन दे रही है।
नीलाछाड़ के सौड़ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि ग्रामीण कृषि को बढ़ावा देने के लिए सरकार कोदा, झंगोरा, और गहद आदि की खेती को प्रोत्साहन दे रही है। मुख्यमंत्री का भाषण चल ही रहा था कि इसी बीच जोरदार बारिश शुरू हो गई। मुख्यमंत्री को भाषण को विराम देना पड़ा।
इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के लिए की जाने वाली घोषणाओं के लिए डोली यात्रा के संयोजक पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी को अधिकृत किया। पेयजल मंत्री ने मुख्यमंत्री की ओर से डोली यात्रा को भव्य रूप देने, सड़कों के नवनिर्माण, गोदाधार में स्व. इंद्रमणी बडोनी के नाम से खेल मैदान, गोदाधार में 33 केवी विद्युत सब स्टेशन, बौलियाधार में पालीटेक्निक खोलने, विश्वनाथ मंदिर का विद्युतीकरण और सुंदरीकरण, बालिका संस्कृत विद्यालय सेंदुल को वित्तीय स्वीकृति देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित कोठियाड़ा गांव के पुनर्वास का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शांति भट्ट, प्रमुख विजय गुनसोला, धनीलाल शाह, डा. नरेंद्र डंगवाल, डोली यात्रा के अध्यक्ष रूप सिंह बजियाला, आनंद व्यास, खुशीराम, जिला पंचायत सदस्य रघुवीर रावत, सुमन नैथानी, रेखा डंगवाल, सूर्य प्रकाश रतूड़ी, करण सिंह बिष्ट, सरोप सिंह मेहरा, बुद्धि सिंह, सोबत लाल आदि मौजूद थे।