थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक के डिगोन गांव निवासी जयवीर सिंह रावत की गोशाला का दरवाजा तोड़कर गुलदार ने शुक्रवार रात पांच बकरियों को मार डाला। पशुपालक जयवीर ने बताया कि शनिवार सुबह जब वह गोशाला में बकरियों को चारा देने गया तो गोशाला का दरवाजा टूटा मिला। कुछ बकरियां गोशाला के अंदर और कुछ बाहर मृत मिली।
ग्राम प्रधान रीमा देवी ने वन विभाग से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। ग्राम प्रधान रीमा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मथलाऊ गांव में गुलदार ने छह बकरियों को मारा था। गुलदार की धमक से आसपास क्षेत्र के गांवों में दहशत है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। इस बाबत रेंज अधिकारी लतिका उनियाल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया है। जांच के बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। संवाद