नई टिहरी। पर्यटन विभाग की ओर से संचालित मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत प्रतापनगर के मुखमाल और सिलोडा गांव के 34 बुजुर्ग यात्रियों का जत्था बदरीनाथ धाम दर्शनों के लिए रवाना किया गया। बदरीनाथ धाम के दर्शन के बाद 24 अक्तूबर को बुजुर्ग यात्री अपने घरों को लौट आएंगे।
सोमवार को मुखमाल गांव के ग्राम प्रधान बलवीर सिंह, सिलाड़ा की ग्राम प्रधान प्रमिला देवी ने बुजुर्ग यात्रियों की बस को हरी झड़ी दिखाकर बदरीनाथ धाम के लिए रवाना किया। जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश की सरकार की महत्वाकांक्षी मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना का उद्देश्य 60 वर्ष की आयु पार कर चुके आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्ग लोगों जो कि धामों की यात्रा से वंचित रह जाते हैं, उन्हें यात्रा का अवसर प्रदान करना है।
पर्यटन अधिकारी राणा ने बताया कि तीर्थाटन योजना के तहत बदरीनाथ, गंगोत्री धाम, रीठा-मीठा साहिब, नानकमत्ता, कलियर शरीफ, ताडकेश्वर, कलीमठ, जागेश्वर, गैराड गोलू देवता,बैजनाथ, गंगोलीहाट, महासू देवता, हनोल, कालिंका एवं मां ज्वालपा देवी के धार्मिक स्थलों की यात्राएं सरकार की ओर से निशुल्क आयोजित की जाती है।
पर्यटन विभाग की कोशिश रहती कि वह अधिक से अधिक बुजुर्ग लोगों को धामों के यात्रा कर सके। बदरीनाथ धाम यात्रा के लिए रवाना हुए यात्रियों में यात्रा को लेकर काफी उत्साह था। इस मौके पर दर्मियान सिंह नेगी आदि मौजूद थे।