नई टिहरी। प्रशासन की ओर से बिना पूर्व सूचना के दुकानों में छापेमारी और व्यापारियों से अभद्रता किए जाने के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कहा कि स्कूलों से 100 गज दूरी पर वे तंबाकू उत्पादों की बिक्री बंद करने में प्रशासन के साथ हैं, लेकिन इसकी आड़ में व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने बीते दिन एसडीएम की ओर से दुकानों से जब्त किए गए सामान को लौटाने की मांग की है। हालांकि बाद में डीएम युगल किशोर पंत के आश्वासन पर व्यापारियों ने आंदोलन स्थगित किया।
सोमवार को एसडीएम, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की ओर से नई टिहरी और बौराड़ी की दुकानों पर छापेमारी का अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने कुछ दुकानों से बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू और घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए थे। व्यापारियों का आरोप था कि प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना के अभियान चलाया। अभियान के दौरान व्यापारियों से अभद्रता की गई। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। चार सूत्री मांगों के संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
डीएम ने व्यापारियों के साथ अभद्रता के मामले में खेद व्यक्त किया। कहा भविष्य में जब भी अभियान चलेगा उसकी वीडियोग्राफी होगी, जिसमें व्यापार मंडल का एक सदस्य भी शामिल होगा। स्कूल से 100 गज परिधि में आने वाले दुकानों का चिह्निकरण किया जाएगा। 13 नवंबर को व्यापारियों की तंबाकू उत्पादाें की बिक्री विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। जो सामान दुकानों से जब्त किया गया है, उसे चिह्निकरण के बाद लौटा दिया जाएगा। डीएम के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने आंदोलन स्थगित कर दिया।
प्रदर्शनकारियों में उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश डोभाल, बौराड़ी के अध्यक्ष गंगाधर चमोली, मायाराम थपलियाल, विनोद रतूड़ी, कर्म सिंह तोपवाल, प्रकाश डोभाल, कुलदीप पंवार, मोहन सिंह रावत, ज्योति भट्ट, संजय वर्मा, धन सिंह नेगी, सलीम खान, अजय कुमार गुप्ता आदि शामिल थे।