नई टिहरी। कोटेश्वर मंदिर के समीप भागीरथी नदी में डूबकर एक छात्र की मौत हो गई है। काफी मशक्कत के बाद जल पुलिस ने सोमवार को छात्र का शव नदी से बरामद कर लिया है।
रविवार को जखोली गांव निवासी रविंद्र सिंह सजवाण (19) पुत्र सूरत सिंह कोेटेश्वर मंदिर में पूजा करने गया हुआ था। दोपहर 12 बजे जब वह मंदिर से नीचे भागीरथी नदी किनारे हाथ मुंह धोने गया था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह डूब गया। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी में तलाशती रही, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सोमवार को मुनिकीरेती से जल पुलिस पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शव को उसी स्थान से बरामद कर लिया गया। रविंद्र इंटर कालेज चाका में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। कोतवाली निरीक्षक एश्वर्य पाल ने बताया कि मृतक का शव परिजनाें को सौंप दिया है।