चंबा (टिहरी)। लंबे इंतजार के बाद श्रीदेव सुमन विवि ने एमए अंतिम वर्ष इतिहास विषय को छोड़कर सभी परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। 10 नवंबर से विवि की बैक पेपर परीक्षा आयोजित की जाएगी। बैक पेपर परीक्षा के लिए विवि ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
जून माह में विवि की मुख्य परीक्षाएं हो चुकी थी। पांच माह से लगभग 60 हजार छात्रों को परीक्षा परिणाम का इंतजार था। एमए अंतिम वर्ष इतिहास विषय का परीक्षा परिणाम दो-तीन दिन बाद घोषित होगा। कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि एक नवंबर से बैक पेपर परीक्षा फार्माें का वितरण शुरू हो जाएगा। 9 नवंबर परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्रों पर बैक पेपर परीक्षा फार्म प्राप्त कर सकते हैं। 10 नवंबर से परीक्षा शुरू हो जाएगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर 31 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में सभी कॉलेजों के प्राचार्यों की बैठक होगी। बैठक में परीक्षा कार्यक्रम और परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।