नई टिहरी। पर्वतीय पटवारी महासंघ के जिला अधिवेशन कानूनगो सर्किलों का पुनर्गठन करने, पटवारियों के रिक्त चल रहे 40 फीसदी पदों पर भर्ती के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी करने और प्रमोशन के लिए डीपीसी गठित करने की मांग उठाई। द्वितीय सत्र में कोरम पूरा नहीं होने के कारण नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया। चुनाव के लिए अब 20 नवंबर की तिथि तय की गई है।
अधिवेशन का शुभारंभ डीएम युगल किशोर पंत ने किया। उन्होंने कहा कि पटवारी राजस्व विभाग का प्रथम परिवार है। बिना पटवारियों के राजस्व विभाग अधूरा है। जिले की 22 चौकियों को ई-गवर्नेस से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पटवारियों को अलग-अलग चरणों में कंप्यूटर का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। एडीएम पीसी डंडरियाल ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पटवारियों की अहम भूमिका है। जिन क्षेत्रों में चौकियां नहीं है, वहां जल्द चौकियां बनाई जाएंगी। अधिवेशन में जिलाध्यक्ष रमेश चौहान, सचिव विशाल असवाल, गंगा पेटवाल, महावीर सकलानी, यशपाल नेगी, बलवीर शाह, महिपाल पुंडीर, मनोहर लाल, मदन बडोनी आदि मौजूद रहे।