नई टिहरी। सहकारिता विभाग व जिला सहकारी बैंक टिहरी के तत्वावधान में जाखणीधार ब्लॉक मुख्यालय टिपरी में सहकारिता ऋण मेले का आयोजन किया गया। मेले में 36 काश्तकारों के साथ 4 स्वयं सहायता समूहों को कृषि, बागवानी एवं आजीविका संवर्धन गतिविधियों के लिए 90 लाख रुपये ऋण के चेक वितरित किए गए।
ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल ने मेले का शुभारंभ किया। मेले में जिला सहकारी बैंक की अंजनीसैंण, जाखणीधार, रजाखेत शाखा के अंतर्गत आने वाली बहुउद्देशीय सहकारी समितियों में निरालीधार, जाखणीधार, बड़कोट व खांड के काश्तकारों को जरूरत के मुताबिक ऋण उपलब्ध करवाया गया। ब्लॉक प्रमुख नौटियाल ने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक राहुल गैरोला ने कहा कि ऋण सहायता का उद्देश्य किसानों को कृषि और बागवानी क्षेत्र मजबूत करना है। ऋण के सहयोग से ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख त्रिलोक बिष्ट, कनिष्ठ प्रमुख कीर्ति सिंह पंवार, लता देवी, पान सिंह राणा, चिराग बिष्ट, सौम्य बधानी, अतुल रावत, अशोक नौटियाल, दिग्विजय सिंह, रजनी सरियाल, सत्येंद्र चौहान आदि मौजूद थे। संवाद