प्रतापनगर के विधायक एवं संसदीय सचिव विक्रम सिंह नेगी ने कंगसाली और पथियाणा गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
उन्होंने गांव के 70 साल से अधिक उम्र के 120 बुजुर्गों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही कंगसाली गांव में 20 लाख की धनराशि से बनने वाले बारात का शिलान्यास करते हुए जल्द इसका निर्माण पूूरा करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को विधायक नेगी ने कंगसाली एवं पथियाणा का भ्रमण कर सरकार की ओर से संचालित विकास योजनाओं की जानकारी ली। प्रधान सुंदरा देवी उनियाल, विक्रम राणा ने बताया कि गांव में जंगली सुअर, बंदर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
कांग्रेस के कार्यकारी ब्लाक अध्यक्ष इंद्र मोहन भट्ट, जीएमवीएन के पूर्व निदेशक विद्यादत्त पेटवाल ने कहा कि सीएम हरीश रावत एवं विधायक नेगी के प्रयासों से कई वर्षों से अधूरा पड़ा चांठी-डोबरा पुल का निर्माण, मदननेगी रोपवे सहित खस्ताहाल बनी सड़कों का डामरीकरण, चौड़ीकरण कार्य हुए हैं।
इस मौके पर रजाखेत कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष खुशी लाल, भरत बुटोला, युद्धवीर रावत, पूर्ण सिंह, रणदीप पंवार आदि मौजूद थे।