नई टिहरी। बांध प्रभावित क्षेत्र प्रतापनगर के लोगों के लिए वर्ष 2006 से बन रहे चांठी-डोबरा पुल की प्लेटों और सस्पेंडर को जोड़ने का काम एक बार फिर से शुरू हो गया है। वर्तमान में मुख्य पुल की पांच-पांच मीटर लंबी नौ प्लेटें जोड़ दी गई है। छह माह के अंदर सभी 88 प्लेटों का जोड़कर पुल को तैयार किया जाएगा। अब उम्मीद की जा रही है कि 14 वर्षों से निर्माणाधीन पुल जल्द बनकर तैयार हो जाएगा।
टिहरी बांध बनने के कारण अलग थलग पड़े प्रतापनगर और उत्तरकाशी जिले की गाजणा पट्टी की करीब दो लाख आबादी के आवागमन को बन रहे चांठी-डोबरा पुल को जोड़ने का काम फिर शुरू हो गया है। लोनिवि की कार्यदायी संस्था प्रिल वीकेजेए एंड एमबीजड़ ने मुख्य पुल के डोबरा साइड से पांच-पांच मीटर लंबी, आठ-आठ मीटर चौड़ी पांच प्लेटें (पैनल) और चांठी साइड से चार प्लेटें, 36 सस्पेंडर जोड़ दिए हैं, जबकि बाकी 79 प्लेटें और 864 सस्पेंडरों को जोड़ने का काम चल रहा है। सब कुछ ठीक ठाक रहा, तो छह माह के अंदर प्लेट और सस्पेंडरों को जोड़ने का काम पूरा किया जाएगा।
वर्तमान में चांठी साइड से पांच और डोबरा से चार पैनल जोड़ दिए गए है। कुल 88 पैनल जोड़े जाने है। पैनल जोड़ने में करीब छह माह का समय लगेगा। इसके बाद एडजेस्टमेंट, रैलिंग समेत अन्य कार्य पूरे किए जाएंगे।
-केएस असवाल, अधिशासी अभियंता चांठी-डोबरा पुल।