नई टिहरी। बाक्सिंग की गोल्डन गर्ल एमसी मैरी कॉम ने रविवार को परिवार के सदस्यों के साथ टिहरी झील में रोमांच का सफर किया। झील में बोटिंग का लुफ्त उठाते हुए उन्होंने इसे बेहतरीन एडवेंचर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन और फिल्म शूटिंग के लिए शानदार लोकेशन बताया। उन्होंने कहा कि जल क्रीड़ा और नेशनल गेम्स के लिए भी झील का सही उपयोग किया जा सकता है। मैरी कॉम को अपने बीच पाकर कई पर्यटकों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने कहा कि वे पुन: समय निकालकर झील में बोटिंग के लिए आएंगी।
विश्व बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम शनिवार शाम चार बजे निजी दौरे पर टिहरी झील पहुंची। तीन बच्चों सहित परिवार के आठ सदस्यों के बीच जब वे झील किनारे बोटिंग का टिकट लेने लगी तो बोट यूनियन से जुड़े लोगों ने उन्हें पहचान लिया। बोट यूनियन के संरक्षक कुलदीप पंवार की बोट से उन्होंने परिवार के संग झील में डेढ़ घंटे तक रोमांच का सफर किया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी कृत्रिम झील भारत ही नहीं अपितु एशिया में गिनीचुनी हैं। वाटर और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए यह शानदार डेस्टिनेशन बन सकता है। इससे पहले उन्होंने धनोल्टी ईको पार्क पहुंचकर धनोल्टी की खूबसूरती को नजदीक से निहारा। झील से बोटिंग करने के बाद वह उत्तरकाशी के लिए रवाना हो गईं। इस मौके पर बोट यूनियन के अध्यक्ष लखवीर चौहान, प्रदीप पंवार, वीरेंद्र नेगी, गब्बर सिंह पंवार, जितेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।