चंबा (टिहरी)। कोट गांव के ग्रामीणों को दो साल बाद भी जमीन का मुआवजा नहीं मिल पाया है। जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति खासा रोष बना हुआ है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने चंबा ब्लाक में कोट गांव के ग्रामीणों की भूमि सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की थी। डेढ़ किमी सड़क निर्माणा पूरा होने के बाद भी काश्तकारों को जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया है। गांव के दर्मियान सिंह सजवाण, कुंवर सिंह सजवाण, बचन सिंह, विजय सिंह, सत्ये सिंह और गोपाल सिंह ने मुआवजा भुगतान देने की मांग की है। इस बावत विभाग के अधिकारी देवेंद्र कुमार का कहना है कि ट्रेजरी में तकनीकी दिक्कत के कारण भुगतान में देरी हुई है। अब जल्द ही मुआवजा राशि दे दी जाएगी।
प्रतापनगर क्षेत्र में दिन भर ठप रही विद्युत आपूर्ति
लंबगांव (टिहरी)। टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर क्षेत्र के लोग शनिवार को दिन भर बिजली संकट से जूझते रहे। सुबह नौ बजे बिजली गुल हो गई थी जो देर शाम तक नहीं आई। दूर दराज गांवों से फोटो स्टेट , पैथोलॉजी जांच कराने और एक्सरे के लिए लंबगांव बाजार पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा । अधिकांश लोगों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पाए। इस बाबत ऊर्जा निगम के ईई राकेश कुमार ने बताया कि कमांद और लंबगांव के बीच 33 केवी लाइन में फाल्ट आ गया है। जिस पर काम चल रहा है। देर रात तक बिजली आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है।
किसान सम्मान निधि न मिलने पर आक्रोश
कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक के कोटी थिराणी, मजखेत, कोट क्यूलागी के काश्तकारों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि न मिलने पर कड़ा आक्रोश जताया। काश्तकारों की ओर से इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि गांव में निवासरत सभी काश्तकारों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए पत्रावलियां जमा की थी, लेकिन एक भी काश्तकार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पाया है, जबकि अन्य ग्राम पंचायत के काश्तकारों के बैंक खाते में किसान सम्मान निधि की दूसरी किश्त आ चुकी है। किन विसंगतियों के कारण काश्तकारों को योजना में शामिल नहीं किया गया। इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। ज्ञापन पर क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभा देवी, उम्मेद सिंह बरोली, प्रेम सिंह राणा, ज्ञान सिंह, हुकम सिंह, चंदन सिंह महर, ज्ञान सिंह पंवार, सब्बल सिंह राणा व पुलम सिंह के हस्ताक्षर है। ब्यूरो
काली पट्टी बांध कर दूसरे दिन भी जताया विरोध
नई टिहरी। पश्चिम बंगाल के एनआरएस मेडिकल कॉलेज में दो जूनियर डाक्टरों की पिटाई के विरोध में जिला अस्पताल बौराड़ी के चिकित्सकों ने दूसरे दिन भी बाजू पर काली पट्टी बांधकर काम किया। बंगाल में हुई घटना के कारण देशभर में चिकित्सकों में दहशत बनी हुई है। सरकारें उसको रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। इस मौके डा. अमित राय, डा. एके सिन्हा, डा. राखी गुसाईं, डा. सुचिता जैन, डा. अर्चना वर्मा, डा. साइका नेगी, डा. ऋचा थपलियाल आदि मौजूद थे। ब्यूरो