नई टिहरी। डीएम सोनिका ने चारधाम यात्रा, वनाग्नि से निपटने और आगामी मानसून सीजन को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का सही और गलत संदेश देश-विदेश से आने वाले यात्री ही देते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधाओं देने में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागीय अधिकारियों को रोड़ कटिंग कार्य की सूचना उन्हें और आपदा कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए। कहा कि भूस्खलन होने पर सड़क मार्ग के खुलने में आधा घंटे से ज्यादा समय लगने की संभावना हो तो संबंधित एसडीएम वहां पर पेयजल और आवश्यक खाद्य सामग्री के अलावा मोबाइल टायलेट की व्यवस्था करें। मार्गों पर सड़क सुरक्षा नियमों, शौचालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, पुलिस चौकियों, होटल, पेट्रोल पंपों के लिए सूचना व संकेतांक लगाएं। साथ ही वनाग्नि रोकने के लिए ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारी भी चारधाम यात्रा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं के निरीक्षण के साथ ही वनाग्नि की घटनाओं पर भी नजर रखें। उन्होंने डीएसओ को जिले के सभी सस्ता गल्ला दुकानों पर राशन पहुंचाने को कहा। बैठक में एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत, सीडीओ आशीष भटगांई, डीएफओ डा. कोको रोसे, एसडीएम अनुराधापाल, फिंचाराम, युक्ता मिश्रा, अजयवीर सिंह, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी आदि मौजूद रहे।