चंबा (टिहरी)। चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव चंबा में लोगों को यात्रा सीजन में जाम की समस्या से राहत नहीं मिल पाएगी। क्योंकि बहुप्रतीक्षित चार मंजिला मल्टी पार्किंग का निर्माण बजट के अभाव में अधर में लटका हुआ है। वाहन पार्किंग के लिए स्थान का अभाव बना हुआ है।
वाहन पार्किंग के अभाव में नगर में आए दिन जाम लगा रहता है। चारधाम यात्रा के दौरान जाम की समस्या और अधिक गंभीर बन जाती है। लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए वर्ष 2015 में छह करोड़ 93 लाख से पुरानी टिहरी रोड पर चार मंजिला पार्किंग का निर्माण शुरू किया गया था। पार्किंग में एक समय में 55 बड़ी बसें और 70 जीप-टैक्सी और कारें एक साथ खड़ी रह सकती हैं, लेकिन बजट के अभाव में चार साल से पार्किंग का निर्माण अधर में लटका हुआ है। पार्किंग के आधे-अधूरे ढांचा का स्थानीय लोगों को कोई भी लाभ नहीं मिल पा रहा है।
पार्किंग निर्माण के लिए स्वीकृत 6 करोड़ 93 लाख का बजट अब तक हुए निर्माण कार्य पर पूरा खर्च हो चुका है। शेष कार्य रेलिंग निर्माण, विद्युतीकरण के लिए शासन को एक करोड़ 88 लाख का रिवाइज प्रस्ताव भेजा गया है। यदि बजट मिल गया, तो तीन माह में शेष कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
-एनएस खोलिया, ईई, लोनिवि चंबा
चारधाम यात्रा के दौरान जाम न लगे इसके लिए वन वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जा रही है। व्यापारियों, टैक्सी यूनियन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस संबंध में बैठक कर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है। बाहर से आने वाले यात्रियों को चंबा में जाम से नहीं जूझने दिया जाएगा।
-सुंदरम शर्मा, थाना प्रभारी चंबा