चंबा (टिहरी)। प्रथम विश्व युद्ध के नायक वीसी गबर सिंह की जयंती पर यहां भव्य मेला लगा। गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर के जवानों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने शहीद का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सेना के जवानों ने बैंड की धुन के बीच रितलिंग परेड कर गबर सिंह स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर सलामी दी। माता मंगला ने कहा कि भविष्य में मेले को वृहद रूप देने के लिए फाउंडेशन की ओर से मदद दी जाएगी।
रविवार सुबह वीसी गबर सिंह के पैतृक गांव मंज्यूड़ के ग्रामीण मुख्य चौराहा स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद सूबेदार मेजर उत्तम सिंह के नेतृत्व में जवानों की टुकड़ी ने शहीद के स्मारक स्थल पर रितलिंग परेड के बाद वीर सैनिक को सलामी दी। दोपहर बाद श्रीदेव सुमन राजकीय इंटर कालेज के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माता मंगला ने शहीद के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि पहाड़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन को रोकने के लिए हंस फाउंडेशन जल्द ही कार्ययोजना तैयार करेगा। भविष्य में मेले को वृहद रूप देने के लिए फाउंडेशन की ओर से मदद दी जाएगी। पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी ने कहा कि शहीद के नाम पर की गई घोषणाओं पर आज तक कोई अमल नहीं हो पाया है। पूर्व घोषणा के मुताबिक अभी वीसी गबर सिंह मेले को सरकारी मेले का दर्जा नहीं मिल पाया है। कार्यक्रम में लोक कलाकार पदम गुसाईं और रवि गुसाईं ने वीर गबर सिंह के जीवन पर आधारित गीतों की प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर भोले महाराज, पालिकाध्यक्ष सुमना रमोला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा, पूर्व सैनिक विक्रम भंडारी, कलम सिंह नेगी, बलवंत सिंह पुंडीर, दर्मियान सिंह सजवाण, शक्ति जोशी, संजय बहुगुणा और राजेंद्र नेगी, आदि मौजूद थे।