नई टिहरी। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वाटर स्पोटर्स गोवा ने पर्यटन विभाग के सहयोग से दस दिवसीय पावर बोट हैंडलिंग एवं लाइफ सेविंग का निशुल्क प्रशिक्षण शुरू किया। प्रशिक्षण में युवाओं को जलक्रीड़ा की बारीकियां सिखाई जाएगी।
साहसिक खेल अकादमी कोटी कालोनी में आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण में टिहरी जिले के 18, रुद्रप्रयाग के पांच और उत्तरकाशी का एक युवा प्रतिभाग कर रहा है। प्रशिक्षण में पांच दिन पावर बोट और पांच दिन लाइफ सेविंग का प्रशिक्षण नेशनल इस्टीटयूट ऑफ वाटर स्पोटर्स गोवा के प्रशिक्षक समीर कोसवे, सुमित जोशी दे रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय प्रशिक्षक अरविंद रतूड़ी, सतपाल कठैत, प्रवीन रावत सहायक की भूमिका में रहेंगे। जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश यादव, साहसिक खेल अधिकारी सोबत सिंह राणा ने प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए प्रतिभागियों को कई जानकारी दी। बताया कि प्रशिक्षण के बाद वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना से अनुदान पर ऋण लेकर स्वरोजगार कर सकते हैं। प्रशिक्षकों ने पहले दिन पावर बोट हैंडलिंग एवं लाइफ सेविंग की कई महत्वपूर्ण गतिविधियों से अवगत कराया। बताया कि जुलाई और अगस्त में भी युवाओं को 10 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा किया जाएगा। ब्यूरो