लोकसभा चुनाव में कार्मिकों की गतिविधियों और निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग पीडीएमएस (पोल डे मानीटरिंग सिस्टम) सॉफ्टवेयर का प्रयोग कर रहा है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी को इस सॉफ्टवेयर में रजिस्टर्ड किया गया है। इसके बाद पल-पल की जानकारी एसएमएस के जरिए आयोग को मिलती रहेगी।
लोकसभा चुनाव को तकनीकी दृष्टि से मजबूत बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग ने पीडीएमएस प्रणाली शुरू की है। इस सॉफ्टवेयर में प्रत्येक पोलिंग पार्टी को रजिस्टर्ड किया गया है। डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर के प्रभारी व जल संस्थान के ईई सतीश चंद्र नौटियाल ने बताया कि पोलिंग पार्टी के रवानगी होते ही यह सॉफ्टवेयर कार्य करना शुरू करेगा। इसके बाद पार्टी जैसे ही बूथ में पहुंचेगी, संबंधित कार्मिक एसएमएस के जरिए संदेश भेज देगा।
संदेश एनआईसी से सीधे भारत निर्वाचन आयोग के वेब पोर्टल पर प्रदर्शित हो जाएगा। बताया कि पोलिंग पार्टी रवाना होने से मतदान करने, ईवीएम की जानकारी, मतदान के दिन हर घंटे का मतदान प्रतिशत, ईवीएम सीलिंग, पोलिंग पार्टी की वापसी से मशीन को स्ट्रांग रूम में जमा करने तक सभी प्रक्रियाओं पर भारत निर्वाचन आयोग को जानकारी मिल सकेगी। ब्यूरो