कंडीसौड़ (टिहरी)। ब्लॉक के भेटी, भंगर और उनियालगांव में पानी की किल्लत हो रही है। दो हैंडपंपों से ग्रामीण प्यास बुझा रहे हैं, लेकिन पिछले कई दिन से हैंडपंप पर पानी कम आ रहा है।
भेटी, भंगर और उनियालगांव में गैर पेयजल लाइन से पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन वर्ष 2009-10 में नगुन-भवान मोटर मार्ग चौड़ीकरण होने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब से हैंडपंपों के सहारे ही लोग जीवन यापन कर रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य राखी देवी व भाजपा मंडल महामंत्री महावीर उनियाल ने बताया कि पानी की कमी को देखते हुए पिछले दिनों एक प्रतिनिधिमंडल पेयजल मंत्री प्रकाश पंत से मिला था। तीनों गांवों के लिए नई पेयजल लाइन के लिए पेयजल मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया है। जल निगम चंबा के ईई आलोक कुमार ने बताया कि भेटी, भंगर और उनियालगांव के लिए घोन गदेरे से नई पेयजल लाइन बनाने के लिए शासन को 84 लाख 25 हजार का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर ही कार्य शुरू किया जाएगा।